Search This Blog

Sunday, January 08, 2012

samachar

टीईटी: तकनीकी खामियों से बढ़ी मुश्किलें 

आगरा: टीईटी परीक्षा तो किसी प्रकार संपन्न हो गई, लेकिन अब शिक्षकों के चयन में नित नई परेशानियां सामने आ रही हैं। जनपदों में आवेदनों की संख्या हजारों से बढ़कर अब लाख में पहुंच गई है। लिहाजा उनकी स्क्रूटनी और मेरिट बनाने में विभागीय कर्मचारियों की हालत खस्ता हो रही है। आगरा में शिक्षकों के 100 पदों पर अब तक मूल ड्रॉफ्ट वाले करीब 3000 और ड्रॉफ्ट की फोटोकॉपी के साथ करीब 32 हजारआवेदन पत्र प्राप्त हुए हैं। जबकि एटा में 700 सीटों पर आवेदनपत्रों की संख्या सवा लाख का आंकड़ा पार कर चुकी है। यही नहीं, कई छात्रों ने टीईटी का संशोधित परिणाम जारी होने के बाद दोबारा फिर आवेदनपत्र भेजे हैं। गौरतलब है कि टीईटी रिजल्ट जारी होने के बाद हाईकोर्ट के आदेश पर शासन की ओर से आवेदन की प्रक्रिया में बदलाव कर दिया गया। पांच जनपदों के स्थान पर अभ्यर्थियों को प्रदेश के किसी भी जनपद में आवेदन करने की छूट दी गई। इसके बाद अभ्यर्थियों ने एक जिले में मूल ड्रॉफ्ट भेजकर बाकी जिलों में उसकी फोटोकॉपी लगाकर फार्म भेज दिए। कर्मचारियों को समझ में नहीं आ रहा कि आखिर इन फार्मो की स्क्रूटनी और सत्यापन किस प्रकार से कराया जाए। वहीं अगर कोई फार्म कई स्थानों की मेरिट में शामिल हुआ तो संबंधित जिलों को किस प्रकार सूचना दी जाए 

News : Jagran (7.1.12)

 

टीईटी में पास कराने वाले रैकेट का भंडाफोड़
रमाबाई नगर। अभ्यर्थियों को टीईटी (शिक्षक पात्रता परीक्षा) में पास कराने वाले रैकेट में रमाबाई नगर पुलिस और एसटीएफ ने मिलकर दो फरार शिक्षकाें समेत चार लोगों को पकड़ा है। इनके कब्जे से एक कार और 35 हजार रुपए बरामद हुए हैं। इन्हीं लोगों की निशानदेही पर पुलिस अब शिक्षा विभाग के एक बड़े अधिकारी पर कार्रवाई की तैयारी में जुट गई है। हालांकि उक्त अधिकारी के बारे में पुलिस ने कुछ भी बताने से इंकार कर दिया है। एसपी सुभाषचंद्र दुबे ने बताया कि मनीष और माधव पर ढाई-ढाई हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था।
मालूम हो कि रमाबाई नगर पुलिस ने बीते 31 दिसंबर 2011 को अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र में कार को रोक कर उसमें बैठे चालक सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया था। इनके कब्जे से 87 लाख नगद बरामद हुए थे। यह रुपए आगरा सहित आसपास के जिलों के 50 से अधिक अभ्यर्थियों से टीईटी परीक्षा में पास कराने के लिए वसूले गए थे। गिरफ्तार अभियुक्तों ने बताया था कि वे इन रुपयों को लखनऊ में बैठे मनीष उर्फ मोहन चतुर्वेदी और माधवेंद्र उर्फ माधव सिंह को आपूर्ति करने जा रहे थे।
शनिवार को अपर पुलिस अधीक्षक राकेश शंकर और सीओ सदर सुभाषचंद्र शाक्य ने बताया कि शुक्रवार की शाम को मुखबिर की सूचना पर एसटीएफ के साथ रमाबाई नगर पुलिस ने कानपुर-औरैया हाइवे पर रायपुर कसबे के निकट एक आई टेन कार (यूपी80 डीपी, 5607) को घेर कर रोका और कार में बैठे मनीष चतुर्वेदी पुत्र सुरेंद्र नारायण चतुर्वेदी निवासी ग्राम पृथ्वीपुर थाना इकदिल, इटावा (औरैया के कमारा ब्लाक स्थित प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक), माधवेंद्र सिंह उर्फ माधव पुत्र स्व. सत्य प्रकाश सिंह चौहान निवसी ग्राम वाधिनी थाना बरहन, आगरा (बंदायू में प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक), हेमंत कुमार शाक्य पुत्र राधे श्याम निवासी रेलवे रोड, थाना कोतवाली मैनपुरी (ठेकेदार जल निगम) और योगेश कुमार पुत्र तेज सिंह निवासी तेजपुर थाना एका, फिरोजाबाद गिरफ्तार किया। इन सभी के कब्जे से पुलिस ने 35 हजार रुपए बरामद किए। इन अभियुक्तों ने बताया कि टीईटी अभ्यर्थियों से दो से ढाई लाख वसूले गए थे। परीक्षा में पास कराने की जिम्मेदारी जिस अधिकारी ने ली थी, उसने प्रत्येक अभ्यर्थी पर सवा लाख रुपए की मांग की थी। बताया कि प्रत्येक अभ्यर्थी पर पांच हजार रुपए कमीशन मिलना था। पुलिस ने लखनऊ और यूपी बोर्ड से कुछ लोगों के नाम तो नहीं उजागर किए, पर इतना जरूर बताया गया कि इस रैकेट में शिक्षा विभाग का एक बड़ा अधिकारी शामिल है। जिसके पहले ही पचास लाख रुपए की खेप पहुंचाई जा चुकी है। रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी पुलिस कर रही है।
News : Amar Ujala (8.1.12)

 

No comments:

Post a Comment